अवैध बोल्डर पत्थर लदी ट्रक सीज, घेराबंदी में चालक फरार।

 जयमोहनी में अवैध ढोका पत्थर लदा मिनी ट्रेलर सीज, घेराबंदी के बाद चालक फरार।



(रिपोर्ट- मदन मोहन नौगढ़/चंदौली)



चंदौली। जयमोहनी रेंज  प्रभागीय वनाधिकारी बी शिवशंकर के निर्देशन में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। रविवार सुबह जयमोहनी पोस्ता वन चौकी के पास वन विभाग ने अवैध रूप से ढोका पत्थर ले जा रहे एक मिनी ट्रेलर को जब्त कर लिया। हालांकि, वन टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।



जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के लगभग 4:30 बजे वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान अवैध ढोका पत्थर से लदा एक मिनी ट्रेलर आता दिखा। वन टीम ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने पहले गति धीमी की और फिर अचानक गाड़ी तेज कर भागने का प्रयास किया।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया। वन दरोगा सोमेश कुमार व विरेन्द्र पाण्डेय ने मुख्य मार्ग से पीछा किया, वहीं वन रक्षक चन्द्रशेखर और मनीष गुप्ता ने जंगल के कच्चे रास्ते से आगे बढ़कर घेराबंदी की। करीब आधा किलोमीटर पीछा करने के बाद टीम ने वाहन को घेरकर रोक लिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर चालक वाहन छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मिनी ट्रेलर को अवैध ढोका पत्थर समेत सीज कर वन परिसर में खड़ा करवा दिया गया है। फरार चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ वन अधिनियम की प्रासंगित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ